×
userImage
Hello
 Home
 Dashboard
 Upload News
 My News
 All Category

 Latest News and Popular Story
 News Terms & Condition
 News Copyright Policy
 Privacy Policy
 Cookies Policy
 Login
 Signup

 Home All Category
Friday, Oct 18, 2024,

Last Journey / Accident / India / Kerala / Wayanad
वायनाड में भारी बारिश के कारण भयानक भूस्खलन 249 से ज्यादा मौतें

By  AgcnneduNews...
Thu/Aug 01, 2024, 06:31 AM - IST   0    0
  • सेना, नौसेना, वायुसेना, एनडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन दल सहित बचाव दल खराब मौसम के बीच जीवित बचे लोगों को खोजने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
  • मौसम विभाग ने वायनाड के अलावा मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
  • भूस्खलन ने घरों और सड़कों को भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं कई पेड़ उखड़ गए हैं और नदियां उफान पर हैं।
Wayanad/

वायनाड/केरल के वायनाड में तेज बारिश के बाद लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 249 हो गई हैं। 130 लोग अस्पताल में हैं, जबकि सैकड़ों लोग घायल हैं और कई अभी भी फंसे हुए हैं। भूस्खलन ने घरों और सड़कों को भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं कई पेड़ उखड़ गए हैं और नदियां उफान पर हैं। लापता लोगों को खोजने और बचाने के लिए सभी संभव संसाधनों के साथ अभियान जारी है। लैंडस्लाइड सोमवार देर रात 2 बजे और 4 बजे के करीब मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में हुई थीं। इनमें घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां बह गईं। आर्मी, एयरफोर्स, NDRF, SDRF, पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। देर रात तक 1 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया, 3 हजार लोगों को राहत शिविर में भेजा गया है। मौसम विभाग ने वायनाड के अलावा मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे रेस्क्यू ऑपरेशन में आज परेशानी हो सकती है। गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को संसद में बताया 23-24 जुलाई को ही केरल सरकार को अलर्ट किया गया था, सरकार समय रहते लोगों को हटाती तो इतना नुकसान नहीं होता।

सेना ने दो रिसॉर्ट से 19 टूरिस्ट को बचाया

सेना ने मुंडक्कई गांव के बाहर स्थित इला रिसॉर्ट और वाना रानी रिसॉर्ट में फंसे 19 टूरिस्ट को बुधवार को निकाला। ये घटना के बाद से यहीं फंसे हुए थे। डिफेंस PRO के मुताबिक, 122 इन्फैंट्री बटालियन (TA) मद्रास के जवानों ने रस्सियों के सहारे सभी नागरिकों को चूरलमाला तक सुरक्षित निकालने के लिए एक मानव पुल बनाया।

वायनाड जा रहीं हेल्थ मिनिस्टर एक्सीडेंट में घायल

लैंडस्लाइड की घटना का जायजा लेने वायनाड जा रहीं केरल की हेल्थ मिनिस्टर वीना जॉर्ज बुधवार (31 जुलाई) को सुबह करीब साढ़े 7 बजे एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं। उन्हें मलप्पुरम स्थित मंजेरी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना एक स्कूटर सवार को बचाने के चलते हुई।

राहुल और प्रियंका गांधी ने वायनाड दौरा रद्द किया

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से वायनाड दौरा रद्द कर दिया है। राहुल ने आज कांग्रेस सांसदों के साथ संसद के सेंट्रल हॉल में वायनाड में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति दो मिनट का मौन रखा।

पिछले 24 घंटे के डेवलपमेंट्स 4 पॉइंट्स में

वायनाड का मुंडक्कई गांव लैंडस्लाइड की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां चूरलमाला को मुंडक्कई से जोड़ने वाला पुल बह गया है, जिससे क्षेत्र तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। मुंडक्कई में करीब 250 लोगों के फंसे होने की खबर है। यहां कई घर बह गए हैं, जिनमें 65 परिवार रहते थे। पास के एक टी एस्टेट के 35 कर्मचारी भी लापता हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष समशाद मरईक्कर ने बताया कि मुंडक्कई सड़क मार्ग से पहुंचा नहीं जा सकता है। मोबाइल नेटवर्क भी ठप है। चूरलमाला गांव में भी नुकसान ज्यादा है। यहां रेस्क्यू जारी है। यहां कई घर बह गए हैं। कई लोगों को बचाया गया है, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। ये एक होमस्टे में रुके थे। यहां रेस्क्यू टीम एक-एक घरों की जांच कर रही है।

वायनाड लैंडस्लाइड के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम बना दिया है। साथ ही दो हेल्पलाइन नंबर 8086010833 और 9656938689 जारी किए। केरल के स्वास्थ्य मंत्री ऑफिस ने बताया है कि वायनाड के चूरलमाला में घायलों का इलाज करने के लिए एक मस्जिद और मदरसे में टेम्परेरी हॉस्पिटल बनाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल सरकार को केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही मरने वालों के परिजन को 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वायनाड की घटना पर सरकार से हर संभव मदद पहुंचाने की अपील की है।

5 साल पहले भी यहां लैंडस्लाइड से 17 मौतें हुई थीं

वायनाड के 4 गांव- मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा में लैंडस्लाइड की घटना हुई है। 5 साल पहले 2019 में भी भारी बारिश की वजह से इन्हीं गांवों में लैंडस्लाइड हुई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हुई थी। 5 लोगों का आज तक पता नहीं चला। 52 घर तबाह हुए थे।

वायनाड में लैंडस्लाइड की क्या वजह है

वायनाड, केरल के नॉर्थ-ईस्ट में है। यह केरल का एकमात्र पठारी इलाका है। यानी मिट्टी, पत्थर और उसके ऊपर उगे पेड़-पौधों के ऊंचे-नीचे टीलों वाला इलाका। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक, केरल का 43% इलाका लैंडस्लाइड प्रभावित है। वायनाड की 51% जमीन पहाड़ी ढलाने हैं। यानी लैंडस्लाइड की संभावना बहुत ज्यादा बनी रहती है। वायनाड का पठार वेस्टर्न घाट में 700 से 2100 मीटर की ऊंचाई पर है। मानसून की अरब सागर वाली ब्रांच देश के वेस्टर्न घाट से टकराकर ऊपर उठती है, इसलिए इस इलाके में मानसून सीजन में बहुत ज्यादा बारिश होती है। वायनाड में काबिनी नदी है। इसकी सहायक नदी मनंतावडी 'थोंडारमुडी' चोटी से निकलती है। लैंडस्लाइड के कारण इसी नदी में बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ है।

20 किमी दूर 51 शव बहकर किनारे पर आए

मुंडक्कई से करीब 20 किमी दूर पोथुकल्लू में चालियार नदी के किनारे रहने वाले निवासियों ने मंगलवार को पानी में कई शव और शरीर के अंग तैरते हुए देखे। पुलिस, अग्निशमन बल और एनडीआरएफ की सहायता से नदी के विभिन्न हिस्सों से करीब 51 शव बरामद किए गए, जिनमें से 25 शव केवल शरीर के अंग थे।

केरल की 8 नदियों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

केंद्रीय जल आयोग ने कबानी, कदलुंडी, भरतपुझा, पुलनथोडु, गायत्री, कीचेरी, करुवन्नूर और थोडुपुझा सहित आठ नदियों के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। आयोग के अनुसार, सभी नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

नौसेना की 60 टीमें चूरलमाला पहुंची

केरल पीआरडी (जनसंपर्क विभाग) ने बताया किबचाव कार्य के लिए एझिमाला नौसेना अकादमी की 60 टीमें चूरलमाला पहुंच गई हैं। लेफ्टिनेंट कमांडेंट आशीर्वाद के नेतृत्व में एक टीम मौके पर है, जिसमें 45 नाविक, पांच अधिकारी, छह फायर गार्ड और एक डॉक्टर शामिल हैं।

मलबे में दबे लोगों को खोजने का काम जारी

सेना, नौसेना, वायुसेना, एनडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन दल सहित बचाव दल खराब मौसम के बीच जीवित बचे लोगों को खोजने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। कयाकिंग, कोराकल बोटिंग और ट्रैकिंग जैसी पर्यटन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सोमवार तक शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा भी प्रतिबंधित रहेगी।

रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी टीमें

केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अनुसार, अग्निशमन और बचाव दल, नागरिक सुरक्षा, NDRF और स्थानीय आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें बचाव अभियान में लगी हुई हैं। डीएससी सेंटर कन्नूर से लगभग 200 भारतीय सेना के जवान और कोझिकोड से 122 TA बटालियन भी मौके पर मौजूद हैं। इसके साथ ही, दो वायु सेना के हेलीकॉप्टर, एक Mi-17 और एक ALH, भी बचाव अभियान में समन्वय कर रहे हैं। वायनाड के विभिन्न अस्पतालों में 120 से अधिक घायलों का इलाज चल रहा है। केरल के स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के अनुसार, 116 शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ड

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने वायनाड और पड़ोसी जिलों में 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है, जिसमें 31 जुलाई और 1 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई थी। मौसम विभाग ने 2 अगस्त के लिए भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। वहीं आपदा और लगातार बारिश को देखते हुए, सभी शिक्षण संस्थान बुधवार, 31 जुलाई को बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए था जो अब आगे भी जारी रहेगा। कासरगोड, कन्नूर, कोझिकोड, वायनाड, मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर, इडुक्की, एर्नाकुलम, अलप्पुझा और पठानमथिट्टा में भी छुट्टी घोषित की गई है।

By continuing to use this website, you agree to our cookie policy. Learn more Ok