Panaji/गोवा/गोवा में 19 से 22 जून 2023 तक पर्यटन मंत्रिस्तरीय बैठक के साथ समापन और जी-20 पर्यटन कार्य समूह की चौथी और अंतिम बैठक आयोजित की जा रही है। क्रूज पर्यटन, वैश्विक पर्यटन प्लास्टिक पहल और सरकारी निजी क्षेत्र की महत्वपूर्ण पहलों पर अलग कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा मुख्य पर्यटन कार्य समूह की बैठक के साथ-साथ किया जा रहा है, जिसमें जी-20 सदस्य देशों, केंद्र सरकार के मंत्रालयों के प्रतिनिधि, विभिन्न राज्य सरकारें, और अंतर्राष्ट्रीय संगठन शामिल हैं।
पर्यटन मंत्रालय सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को प्राप्त करने में पर्यटन की क्षमता का उपयोग करके भारत की जी-20 अध्यक्षता से एक विरासत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जी-20 पर्यटन कार्य समूह की आकांक्षाओं और चल रहे काम के अनुरूप, मंत्रालय को जी-20 पर्यटन और सतत विकास लक्ष्य डैशबोर्ड के आगामी शुभारंभ की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जो संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) के सहयोग से विकसित एक अग्रणी पहल है, जो भारत की जी-20 अध्यक्षता के अंतर्गत पर्यटन के लिए गोआ रूपरेखा के सह-निर्माण के लिए हमारे सम्मानित ज्ञान भागीदार हैं।
अपनी तरह का यह पहला ऑनलाइन डैशबोर्ड संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों 2030 को प्राप्त करने की प्रगति में तेजी लाने के लिए पर्यटन की क्षमता का लाभ उठाने की प्रतिबद्धता का एक प्रपत्र है। सार्वजनिक डैशबोर्ड जी-20 पर्यटन कार्य समूह की पांच प्राथमिकताओं के आधार पर जी-20 देशों की सर्वोत्तम प्रथाओं और केस स्टडीज को प्रदर्शित करेगा।
21 जून को 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' के अवसर पर एक विशेष योग सत्र की योजना बनाई गई है, जो गोआ राज्य सरकार द्वारा जी-20 पर्यटन कार्य समूह की चौथी बैठक और पर्यटन मंत्रिस्तरीय बैठक के साथ आयोजित किया जा रहा है। प्रतिनिधियों को गोआ के पर्यटक आकर्षणों की समृद्ध विरासत का अवलोकन करने का भी अवसर मिलेगा। राज्य के यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों, बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस, चर्च ऑफ सेंट फ्रांसिस ऑफ असीसी और सेंट कैथेड्रल, लोअर अगुआड़ा किला और जेल संग्रहालय आदि के भ्रमण की योजना बनाई गई है।
राज्य सरकार द्वारा कला और शिल्प बाज़ारों का आयोजन स्थानीय हस्तशिल्प और कारीगरों को प्रदर्शित करने के लिए किया जा रहा है, जो सामुदायिक भागीदारी के महत्व को प्रदर्शित करता है। शिल्प बाजार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) गतिविधियों को हाथों-हाथ अनुभव देने की योजना बनाई गई है। गोवा के एक ज़िला एक उत्पाद (ओडीओपी) उत्पादों को स्थानीय शिल्प को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।